Advertisement
होमताजा खबरबिहारपटना
बिहार को सहरसा के रूप में मिला एक और नगर निगम, 6 नगर पंचायत बने नगर परिषद

बिहार को सहरसा के रूप में मिला एक और नगर निगम, 6 नगर पंचायतों को नगर परिषद का दर्जा

Last Updated:

Saharsa Becomes 19th Municipal Corporation: नीतीश कैबिनेट ने शहरीकरण की योजना के तहत जहां एक और नगर निगम बनाने को हरी झंडी दी है, वहीं नगर पंचायतों को भी नगर परिषद बनाने पर अपनी सहमति दे दी है. इसके अलावा 3 नए नगर पंचायत के गठन को भी मंजूरी दे दी है. इससे जहां इन क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ेंगी, वहीं सरकार को अतिरिक्‍त राजस्‍व की प्राप्ति भी हो सकेगी.

बिहार को सहरसा के रूप में मिला एक और नगर निगम, 6 नगर पंचायत बने नगर परिषदZoom
Bihar Latest News: नीतीश कैबिनेट ने सहरसा को नया नगर निगम बनाने का फैसला किया है. साथ ही 3 नए नगर पंचायत का भी गठन किया गया है. (न्‍यूज 18 हिन्‍दी)
पटना. नीतीश कैबिनेट ने अहम बैठक में कई बड़े फैसले लिए हैं. नीतीश कुमार की सरकार ने सहरसा को बिहार का 19वां नगर निगम बनाने के फैसले पर मुहर लगा दी है. इसके साथ ही 6 नगर पंचायतों को भी नगर परिषद का दर्जा दे दिया गया है. बिहार कैबिनेट के फैसले से 3 नए नगर निकाय भी अस्तित्‍व में आ गए हैं. प्रदेश सरकार के इस फैसले से जहां इन क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं बढ़ेंगी, वहीं राज्‍य सरकार को अतिरिक्‍त राजस्‍व की भी प्राप्ति होगी. सरकार के इस फैसले को प्रदेश में शहरीकरण को बढ़ावा देने की योजना के तहत उठाया गया कदम माना जा रहा है.

सहरसा को नगर निगम का दर्जा देने के साथ ही प्रदेश सरकार ने पटना के मनेर समेत 6 नगर पंचायतों को नगर परिषद बनाने के प्रस्‍ताव पर भी मुहर लगा दी है. बता दें कि सहरसा इससे पहले नगर परिषद था. इसके अलावा पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन, बक्‍सर के इटाढ़ी और मुंगेर के संग्रामपुर को नगर पंचायत बनाने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में कैबिनेट की मंगलवार को बैठक हुई थी, जिसमें स्‍थानीय स्‍वशासन से जुड़े क्षेत्रों पर अहम फैसले लिए गए.

6 नगर पंचायतें बनीं नगर परिषद

नीतीश कैबिनेट की बैठक में 6 नगर पंचायतों को दर्जा बढ़ा कर उन्‍हें नगर परिषद का दर्जा दे दिया गया है. इनमें पटना का मनेर, जमुई का झाझा, लखीसराय का बड़हिया, मधुबनी का झंझारपुर, नालंदा का इस्लामपुर और दरभंगा का जाले शामिल है. कैबिनेट ने छपरा नगर निगम और मुजफ्फरपुर नगर निगम के क्षेत्र विस्तार के प्रस्‍ताव पर भी अपनी सहमति दे दी है. दोनों ही नगर निगम में आसपास के इलाकों को शामिल कर शहर को विस्तार दिया जाएगा. कैबिनेट की मंजूरी के बाद बिहार में कुल नगर निकायों की संख्या 262 हो गई है, जिनमें 19 नगर निगम के अलावा 89 नगर परिषद और 154 नगर पंचायत हैं.

7 नगर निकायों के क्षेत्र-नाम में संशोधन

Advertisement
बिहार कैबिनेट ने 7 नगर निकायों के क्षेत्र और नाम में भी संशोधन को अपनी स्वीकृति दे दी है. पश्चिम चंपारण के नगर पंचायत योगापट्टी का नाम बदलकर नगर पंचायत मच्छरगावा कर दिया गया है. नगर पंचायत कमतौल में ग्राम पंचायत अहियारी दक्षिणी और केसरी को शामिल किया गया है. अब इसे कमतौल अहियारी के नाम से जाना जाएगा. मधुबनी नगर निगम में ग्राम पंचायत मंगरौनी (उत्तरी) की वार्ड संख्या 1 और 2 के साथ ही ग्राम पंचायत रघुनी देहात की वार्ड संख्या 8 से 13 को शामिल कर लिया गया है. नवादा के हिसुआ में ग्राम रेपुरा सिरसा को जोड़े जाने को भी सहमति दे दी गई है. इसी तरह किशनगंज के नगर पंचायत पवाखाली में राजस्व ग्राम पैकपाड़ा और पेटभरी को शामिल किया गया है. नगर परिषद शिवहर में ग्राम सुंदरपुर को शामिल कर लिया गया है.
इसके अलावा नालन्दा के राजगीर नगर परिषद में नई पोखर ग्राम पंचायत के ग्राम नई पोखर, बालवापर, लक्ष्मीपुर, लहुआर, पोखरपर, गाजीपुर, सौरेय, रामहरि पिंड और उजरपुर, ग्राम पंचायत गोरौर का ग्राम कटारी, ग्राम पंचायत पथरौरा का ग्राम बड़हरी, तिलैया, उदयपुर, पथरौरा, नोन्ही तथा ग्राम पंचायत नाहुब का ग्राम नाहुब एवं बेलौआ को मिलाया गया है.
Click here to add News18 as your preferred news source on Google.
लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍िया✅देखें.
और पढ़ें